अररिया। दो साल पहले रानीगंज थाना क्षेत्र में ऑटो गैराज के मालिक के साथ हुए लूटकांड मामले में फरार चल रहे आरोपी रंजीत कुमार यादव को पुलिस ने एक देशी कट्टा,चार जिंदा कारतूस,तीन खोखा और एक मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके एक सहयोगी बगुलाहा वार्ड संख्या तीन निवासी 22 वर्षीय सोनू कुमार पिता सदानंद सिंह को भी गिरफ्तार किया है।जानकारी एसपी अंजनी कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

एसपी अंजनी कुमार ने बताया कि 21 नवम्बर 2023 की रात में ऑटो गैरेज मालिक कविलाशा वार्ड संख्या 12 निवासी संतोष कुमार पिता दयानन्द यादव गैरेज भरगामा सुकेला मोड़ से अपने घर जा रहा था कि ठाकुर चौक मुशरनियां और बगुलाहा नहर के बीच पुल पर पहुंचने के दौरान तीन बाइक पर सवार नौ अज्ञात अपराधियों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया और अपराधियों ने हथियार का भय दिखाते हुए 40 हजार नगद, गले से चांदी का चेन तथा मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गया था।

इस संबंध में रानीगंज थाना कांड संख्या-448/23, दिनांक 22.11.2023, धारा-395 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया।गठित विशेष छापामारी दल ने साक्ष्यों के आधार पर कांड में संलिप्त सात अपराधकर्मी को पूर्व में गिरफ्तार एवं रिमांड कर जेल भेजा गया था|
कांड में शेष बचे अभियुक्तों की गिरफ़्तारी हेतु लगातार पुलिस प्रयासरत थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा कांड में संलिप्त अपराधी रंजीत कुमार उर्फ यादव के ससुराल थाना क्षेत्र के बैरक वार्ड संख्या 03 में छापामारी की गई। पुलिस को देखकर तीन व्यक्ति भागने लगे, जिनमें से दो को छापामारी दल ने पकड़ लिया। जबकि एक व्यक्ति फरार होने में सफल रहा।
पकडे गए व्यक्ति का नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम मेधुटोला वार्ड संख्या तीन का रहने वाला रंजीत कुमार यादव पिता वीरेन यादव एवं दूसरा सोनू कुमार पिता सदानंद सिंह बगुलाहा वार्ड संख्या 03 का रहने वाला बताया।तलाशी लेने पर रंजीत कुमार यादव के कमर से 1 देशी कट्टा, पॉकेट से 2 जीवित कारतूस एवं 1 मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं सोनू कुमार के पॉकेट से 2 जीवित कारतूस एवं 3 खोखा बरामद हुआ।
हथियार बरामदगी मामले में रानीगंज थाना में कांड संख्या 436/25 धारा-25(1-बी) ए,26,35 आर्म्स एक्ट दर्ज की गयी हैं।एसपी ने बताया कि रंजीत कुमार यादव का पूर्व से भी कई संगीन मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर राजू कुमार,सुरेन्द्र कुमार,प्रिया कुमारी और एएसआई गौरी शंकर यादव के साथ थाना के रिजर्व पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
गिरफ्तार अभियुक्त :-
01. रंजीत कुमार उर्फ़ यादव उम्र 21 वर्ष पे० वीरेन यादव सा०- मेधुटोला वार्ड नं-03 थाना-रानीगंज जिला- अररिया । 02. सोनू कुमार उम्र- 22 वर्ष पे०- सदानंद सिंह सा०- बगुलाहा वार्ड नं-03 थाना रानीगंज जिला- अररिया ।



