देश

अमेठी में दर्दनाक सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। अमेठी कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर रोड स्थित थौरा गाँव के पास बीती देर रात बुलेट और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर ने तीन परिवारों को सदमे में डाल दिया। हादसा इतना भयानक था कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

अमेठी कोतवाली क्षेत्र के महाराजपुर गाँव निवासी हीरा लाल कोरी के घर से शुक्रवार की शाम को बारात पीपरपुर थाना क्षेत्र के हारीपुर गांव गई थी। इसी बारात में शामिल होने पहुंचे महाराजपुर निवासी टिंकू सिंह (40) पुत्र शेर बहादुर सिंह , बजरंग बहादुर सिंह (35) पुत्र अमर बहादुर सिंह और अंशु सिंह (28) पुत्र बैजनाथ सिंह निवासी महाराजपुर थाना अमेठी रात में बुलेट से वापस लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे जब तीनों थौरा गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही डीसीएम ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि देखते ही देखते मौके पर अफरातफरी मच गई।

स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अमेठी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस तलाश रही है। वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।

अमेठी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

दुर्घटना की खबर मिलते ही तीनों मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजन बदहवास हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button