देश

अमर ज्योति फाइनेंस ठगी: निदेशक और भांजा फरार, निवेशकों का कोतवाली में हंगामा

बरेली । अमर ज्योति फाइनेंस कंपनी के करोड़ों रुपये की ठगी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कंपनी के निदेशक सूर्यकांत मौर्य और शशिकांत मौर्य के साथ उनका भांजा अनूप मौर्य भी फरार हो गया है। तीनों के गायब होने के बाद निवेशकों का सब्र टूट गया और रविवार सुबह भारी संख्या में कोतवाली पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।

अमर ज्योति फाइनेंस की सह कंपनी अमर ज्योति रुहेलखंड निधि लिमिटेड के निदेशक सूर्यकांत और शशिकांत मौर्य कटरा चांद खां के रहने वाले हैं, जबकि अनूप मौर्य बाग ब्रिगटान क्षेत्र का निवासी है। अनूप ने ही इलाके के कई लोगों को ऊंचे ब्याज और सुरक्षित निवेश का झांसा देकर लाखों रुपये कंपनी में जमा कराए थे। उधर, कंपनी के ऑफिस पर ताले लटक रहे हैं और तीनों आरोपित फरार हैं।

रविवार को अपनी जमा पूंजी डूबने से परेशान निवेशक पहले अनूप के घर पहुंचे, लेकिन परिजनों ने उल्टा उन्हें धमकाया। इससे आक्रोशित लोग सीधे कोतवाली जा पहुंचे। कृष्णा मौर्य सहित कई पीड़ितों ने कोतवाल सुरेश चंद्र गौतम को तहरीर देकर आरोप लगाया कि निदेशक और उनका भांजा अनूप मिलकर लोगों की मेहनत की कमाई लेकर गायब हो गए हैं। पीड़ित महिलाओं ने भी धमकाए जाने की शिकायत की।

कोतवाल ने पीड़िताें काे आश्वासन दिया कि मामला बेहद गंभीर है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। कंपनी के बंद दफ्तर और आरोपिताें के फरार होने से ठगी की आशंका और गहराती जा रही है। निवेशक अब पुलिस से अपनी रकम की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button