अब नहीं चलेगी गर्मी की मनमानी; सिर्फ 13 मई तक चलेगी लू ,उसके बाद पारा गिरता जाएगा
मौसम विभाग ने कहा है कि 13 मई के बाद राजस्थान को छोड़कर देश में कहीं भी लू चलने के आसार नहीं है।

नई दिल्ली। तेज धूप और भयानक गर्मी झेलते लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग ने कहा है कि 13 मई के बाद राजस्थान को छोड़कर देश में कहीं भी लू चलने के आसार नहीं है। हालांकि, 11 से 13 मई तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और आधे मध्यप्रदेश में गर्मी बढ़ेगी, लेकिन 14 मई से तापमान में लगातार गिरावट आनी शुरू हो जाएगी।

तापमान में गिरावट की यह स्थिति 24 मई तक रहेगी। हालांकि, उसके बाद कुछ दिन तक तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन केरल में मानसून के दस्तक देते ही पूरे मध्य भारत में प्री-मानसून एक्टिविटी और बारिश शुरू हो जाएगी।

देश में मानसून की दस्तक केरल से ही मानी जाती है। केरल में मानसून के पहुंचने की तारीख 1 जून है। इस हिसाब से अंडमान में मानसून 18 मई तक पहुंच जाएगा। इससे भी गर्मी से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग ने अंडमान में जल्दी मानसून पहुंचने की घोषणा नहीं की है, लेकिन वैज्ञानिकों का मानना है कि इसके पूरे आसार हैं। दूसरी ओर, मौसम विभाग के मई के मंथली लॉन्गरेंज फोरकास्ट के मुताबिक, 20 मई के बाद केरल में बारिश में इजाफा होगा। वैज्ञानिक इसे मानसून के आने का संकेत मान रहे हैं।



