अनूपपुर: शराब का एमआरपी से अधिक दाम वसूलने का विरोध करने पर ठेकेदार के लोगों ने सिर पर बोतल मारी, दो घायल

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के चचाई थाना अंतर्गत बरगवा शराब दुकान पर प्रिंट रेट से अधिक दाम पर शराब बेचने का विरोध करने पर बुधवार की रात एक ग्राहक के साथ मारपीट की जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार गौतम कोल बरगवा स्थित शराब दुकान पर शराब खरीदने गए थे। उन्हें 120 रुपये की शराब 150 रुपये में दी गई। जब गौतम कोल ने इस पर आपत्ति जताई, तो सेल्समैन अनमोल राय ने कहा कि वह इसी दर पर शराब बेचता है और उसे जिससे शिकायत करनी है, वह कर सकता है। इस पर ठेकेदार के बाद सेल्समैन और गौतम कोल के बीच विवाद बढ़ गया। ठेकेदार के गुर्गों ने गौतम कोल के सिर पर शराब की बोतल मार दी और राकेश बुनकर के साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

दोनों पक्षों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध किया गया
घटना की सूचना मिलने पर चचाई थाना प्रभारी सुंदरेश मरावी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। थाना प्रभारी सुंदरेश मरावी ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
लोग बोले की शिकायत आबकारी विभाग नहीं कर रहा कार्रवाई
ज्ञात हो कि यह मामला कई बार आबकारी विभाग के प्रमुख के पास उठाया गया किन्तुज उन्होंने इस पर कोई कार्यवाही नहीं करने से ठेकेदार के लोगो के हौसले बुलंद हैं। शराब प्रेमियों ने बताया कि जिले में एक ही ठेकेदार ने जिले भर की शराब दुकानों का ठेका लिया हुआ है। जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में प्रिंट रेट से अधिक दाम पर शराब बेची जा रही है। जब ग्राहक इसका विरोध करते हैं, तो शराब ठेकेदार के गुर्गे मारपीट करते हैं, जिससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। आबकारी विभाग अधिक रेट पर शराब बेचने के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
ज्ञात हो कि अनूपपुर जिले में 19 नवम्बर 1990 में ऐसी ही एक घटना ने आंदोलन का रूप ले लिया था जिसमें पुलिस को गोली चलानी पड़ी थी जिससे एक व्यक्ति की जान चली गई थी और कई दिनों तक कफ्यू लगाना पड़ा था और सैंकडों गिरफ्तारिया हुई थी। इसमे सिर्फ जूतों के दाम दो व्यक्ति को अलग-अलग दामों दिये गये थे।



