अकोला हादसा : मुख्यमंत्री ने जताया दुःख, मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये देने की घोषणा

मुंबई। महाराष्ट्र के अकोला जिले के पारस स्थित बाबूजी महाराज संस्थान के सभागार में पेड़ गिरने की घटना पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिवार को चार-चार लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने यह भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी घायलों का सरकारी खर्चे पर समुचित उपचार किया जाए।

अकोला जिले के पारस गांव में टीन के शेड पर कल रविवार शाम एक पुराना पेड़ गिरने से 7 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 23 श्रद्धालु घायल हो गए। इस हादसे में घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक व्यक्ति की स्थिति गंभीर है। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से जानकारी ली और जिला प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी नीमा अरोड़ा ने बताया कि महाराष्ट्र के अकोला जिले के अनेक क्षेत्रों में तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि के कारण ग्रामीण क्षेत्र में किसानों का पहले ही काफी नुकसान हुआ है। कल रविवार को भी तूफानी हवा और बारिश के चलते लोग परेशान हुए। इसी बीच अकोला के पारस गांव में दर्दनाक हादसा हुआ। बाबूजी महाराज संस्थान में जुटे श्रद्धालुओं के टीन शेड पर पुराना पेड़ गिर गया।



