औरैया में ई-रिक्शा और बुलेट की जोरदार टक्कर, दो बच्चों समेत 8 घायल, 5 की हालत गंभीर

औरैया में ई-रिक्शा और बुलेट की जोरदार टक्कर, दो बच्चों समेत 8 घायल, 5 की हालत गंभीर

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में मंगलवार सुबह अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में सामने एक ई-रिक्शा और बुलेट मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दो बच्चों सहित आठ लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के सिकंदरा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़िया सुमंगढ़ा निवासी सुरेश सिंह (50) अपनी पुत्री रिया सिंह (18) के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से फर्रुखाबाद पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने जा रहे थे। रास्ते में उन्हें कोतवाली क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर स्थित रिश्तेदारी में रुकना था। जैसे ही उनकी बाइक कान्हा इंटरनेशनल एकेडमी के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ई-रिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा कथित रूप से गलत दिशा से आ रहा था। ई-रिक्शा में ग्राम मलगवां निवासी गोलू (16), रुक्मिणी देवी (47), रिंकू (29), सरिता (26), आर्यन (5) और एक ढाई वर्षीय बच्ची सहित छह लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु जालौन स्थित माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सभी सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी ललितेश त्रिपाठी पुलिस बल और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल सीएचसी अजीतमल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रिया सिंह, गोलू, रुक्मिणी देवी, रिंकू और सरिता की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया।

कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि ई-रिक्शा और मोटरसाइकिल की टक्कर में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *