मुजफ्फरनगर के रुड़की रोड पर विद्युत तारों में भीषण आग, पूरी रात ठप रही बिजली आपूर्ति,जेई पर लापरवाही के आरोप

मुजफ्फरनगर के रुड़की रोड पर विद्युत तारों में भीषण आग, पूरी रात ठप रही बिजली आपूर्ति,जेई पर लापरवाही के आरोप

मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी के बीच शहर की बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शहर के रुड़की रोड इलाके में देर रात विद्युत तारों और केबिलों में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते आसपास के कई विद्युत तार और केबिल इसकी चपेट में आ गए और इलाके की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई।

आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज गर्मी और बिजली गुल होने के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं और कुछ ही मिनटों में पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया।

घटना के बाद मोहल्लेवासियों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वार्ड सदस्य द्वारा तत्काल रुड़की रोड बिजलीघर के अवर अभियंता को कई बार फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया, जिससे लोगों में नाराजगी और अधिक बढ़ गई। बाद में स्थानीय लाइनमैन को सूचना दी गई, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों से संपर्क हो सका।

सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया गया। हालांकि आग में अधिकांश केबिल जल जाने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करना बड़ी चुनौती बन गया। इसके चलते पूरी रात क्षेत्र के लोगों को भीषण गर्मी और बिजली कटौती की दोहरी परेशानी झेलनी पड़ी और सुबह के समय ही आपूर्ति आंशिक रूप से बहाल हो सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में जर्जर तारों और लगातार बढ़ते लोड के कारण इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं, लेकिन विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *