मुजफ्फरनगर। जनपद में उस समय हड़कंप मच गया जब जीनस पेपर मिल परिसर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में घना धुआं फैल गया और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार आग मिल परिसर में रखे वेस्ट पेपर के भारी स्टॉक में लगी बताई जा रही है। दोपहर करीब बारह बजे शुरू हुई इस घटना ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। मिल परिसर में मौजूद कर्मचारियों ने स्थिति बिगड़ते देख तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि पेपर और ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई, जिससे शुरुआती प्रयासों में मुश्किलें बढ़ गईं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की लगभग दस गाड़ियां मौके पर तैनात की गई हैं। इसके अलावा आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों और शामली व मेरठ से भी अतिरिक्त फायर यूनिट्स को बुलाया गया है। लगातार पानी की बौछार के बावजूद आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और फायर स्टेशन ऑफिसर रामकिशोर यादव मौके पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार तेज हवा और वेस्ट पेपर के ढेरों के कारण आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि एक समय आग पर लगभग नब्बे प्रतिशत तक नियंत्रण पा लिया गया था, लेकिन अचानक तेज हवाओं के चलते आग फिर से भड़क उठी, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
दमकल विभाग का अनुमान है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने में देर शाम या उससे अधिक समय लग सकता है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी बड़े नुकसान या हादसे को रोका जा सके।

