बांदा रेलवे स्टेशन से अगवा मासूम पांच घंटे में बरामद, आरोपी गिरफ्तार

बांदा रेलवे स्टेशन से अगवा मासूम पांच घंटे में बरामद, आरोपी गिरफ्तार

बांदा। बांदा रेलवे स्टेशन से दो वर्षीय मासूम के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुंबई जाने की तैयारी कर रही महिला का बच्चा अचानक लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ ने तेजी दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और त्रिनेत्र ऐप की मदद से महज पांच घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। आरती नाम की महिला अपने दो बच्चों शिवांश (02) और आरोही (01) के साथ मुंबई जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची थी। उनके साथ गांव के अन्य लोग भी मौजूद थे। इसी दौरान भीड़भाड़ के बीच शिवांश अचानक गायब हो गया। काफी तलाश के बाद जब बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने डायल-112 और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, एसओजी और आरपीएफ की टीमों को सक्रिय किया गया। रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में एक युवक बच्चे को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने aaropit की गतिविधियों को ट्रैक किया।

जांच में सामने आया कि आरोपित बच्चे को लेकर तिंदवारी रोड की ओर गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने महोखर चौराहे के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपित ने बच्चे को नहर में फेंक दिया और भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया।

पुलिसकर्मियों ने तुरंत नहर से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। मासूम पूरी तरह सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। बाद में बच्चे को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

पूछताछ में आरोपित की पहचान तिंदवारी निवासी किशन के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपित के नशे में होने की बात सामने आई है। आशंका है कि वह बच्चे के साथ किसी गलत इरादे से उसे अपने साथ ले गया था। फिलहाल आरोपित से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल अभियान पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *