बहराइच में तेंदुए का खौफ: घर के बाहर सो रही किशोरी को बनाया शिकार, मौत से गांव में दहशत

बहराइच में तेंदुए का खौफ: घर के बाहर सो रही किशोरी को बनाया शिकार, मौत से गांव में दहशत

बहराइच। सुजौली क्षेत्र अन्तर्गत टपरा बाजार स्थित सौतिया नाला के निकट सोमवार रात लगभग 11 बजे तेंदुए ने एक किशोरी की जान ले ली। किशोरी घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी तभी तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया।

प्राप्त सूचना के अनुसार आंशिका पिता ओम प्रकाश और अन्य परिवारीजन घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। भीषण गर्मी के कारण परिवार के सदस्य घर के बाहर सो रहे थे,इसी दौरान जंगल की तरफ से आये तेंदुए ने अचानक किशोरी पर हमला कर दिया।

आंशिका की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण उठ गए और सभी ने शोर मचाना शुरू किया,जिसके बाद तेंदुआ किशोरी को छोड़कर भाग गया। हालांकि तब तक किशोरी गम्भीर रूप से जख्मी हो चुकी थी,और कुछ देर बाद ही उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सुजौली रेंज के रेंजर रोहित कुमार के निर्देश पर वन दारोगा अनिल कुमार टीम के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से घटना का सम्पूर्ण विवरण प्राप्त किया। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्कता बरतने की अपील की।

रेंजर रोहित कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। इसके साथ शासन स्तर पर मिलने वाली अन्य सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

फिलहाल वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त तेज कर दी है। तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से रात के समय अकेले घर से न निकलने,बच्चों को घर में रखने और जंगली जानवरों की गतिविधि पर तुरन्त वन विभाग को सूचित करने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *