प्रयागराज में डायोसिस ऑफ लखनऊ विवाद, प्रबंधक ने एसआईटी जांच की मांग

प्रयागराज में डायोसिस ऑफ लखनऊ विवाद, प्रबंधक ने एसआईटी जांच की मांग

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में डायोसिस ऑफ लखनऊ से जुड़े एक विवाद को लेकर डीआईओएस कार्यालय के बाहर आत्मदाह की चेतावनी देने वाले प्रबंधक ने पूरे मामले की एसआईटी जांच कराने की मांग की है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव को संबोधित ज्ञापन भेजकर उन्होंने पुलिस कार्रवाई और शिकायतों की निष्पक्ष जांच पर सवाल उठाए हैं।

मुख्य सचिव को भेजें गए पत्र में डायोसिस ऑफ लखनऊ के प्रबंधक रेव. मॉरिस एडगर दान ने आरोप लगाया है कि उनके विरुद्ध दर्ज कराए गए मुकदमे और लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं तथा उन्हें और संस्था से जुड़े लोगों को बदनाम करने की साजिश के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता द्वारा पूर्व में भी विभिन्न अधिकारियों और संस्थाओं को कई शिकायतें भेजी गईं, जिनकी जांच में आरोप प्रमाणित नहीं हुए।

रेव. मॉरिस एडगर दान ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रशासन को लेकर चल रहे विवाद के दौरान उन्हें और अन्य पदाधिकारियों को लगातार झूठे मुकदमों में फंसाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि मामले में कई शिकायतें लंबित हैं और उपलब्ध कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट तथा अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय से जुड़े प्रशासनिक और वित्तीय मामलों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। प्रबंधक ने आरोप लगाया कि विद्यालय की कार्यप्रणाली को प्रभावित करने तथा प्रबंधन पर दबाव बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर शिकायतें की जा रही हैं।

मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में उन्होंने पूरे प्रकरण की एसआईटी (विशेष जांच दल) से जांच कराने, कथित फर्जी मामलों की समीक्षा करने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा है कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाएंगे।

फिलहाल मामले को लेकर संबंधित पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से विभिन्न शिकायतों एवं मुकदमों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *