झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में स्वाट और नवाबाद थाना पुलिस ने बीती देर रात सोमवार मुठभेड़ के दौरान मासूम बालिका का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाले आरोपित को दबोच लिया। इस दौरान आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने पहले घटना की जानकारी पुलिस को देने से छुपाया था, बाद में स्वयं फोन से जानकारी दी।

एसपी सिटी प्रीति सिंह ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की रात डायल 112 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ऑटो में एक मासूम बालिका को अपहरण कर ले जा रहा है। इस सूचना पर सतर्क हुई पुलिस ने बालिका के परिजनों से संपर्क किया। परिजनों ने अपहरण की सूचना से इनकार करते हुए बताया कि ऑटो में उनकी बच्ची को ले जाने वाला उनका परिचित है, वह दवा दिलाने ले गया है। लेकिन काफी देर तक बच्ची के घर न आने पर परिजनों ने ऑटो चालक पर दबाव बनाया तो वह काफी देर बाद उनकी पुत्री को लेकर आया।

पूछताछ करने पर बच्ची ने बताया कि उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दी गई है। परिजनों ने इस घटना की जानकारी पुलिस से दोबारा संपर्क कर बताई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए मूल रूप से गोरखपुर व वर्तमान में बबीना के आरा मशीन निवासी आरोपित संजय मिश्रा उर्फ भगत सिंह की तलाश शुरू की। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने स्वाट और नवाबाद पुलिस को लगाया गया। दोनों ही टीमों की देर रात आरोपित से मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने आरोपित को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपित ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया और भागने लगा। पुलिस टीम की जवाबी कार्यवाही में एक गोली आरोपित के पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया। आरोपित के कब्जे से तमंचा कारतूस बरामद कर लिए गए हैं।

