मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढाना कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता को घर के बाहर छोड़कर पति द्वारा मकान में ताला लगाकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर महिला को घर में प्रवेश दिलाया गया।

मामला कस्बा बुढाना की सफीपुर पट्टी स्थित मदीना मस्जिद के पास का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला अपने मासूम बच्चों के साथ घर के बाहर बैठी दिखाई दे रही है, जबकि मकान के मुख्य गेट पर जंजीर डालकर ताला लगाया गया है। बताया गया कि विवाहिता करीब साढ़े तीन घंटे तक घर के बाहर बैठकर इंसाफ की गुहार लगाती रही।

पीड़िता मुस्कान का आरोप है कि उसका पति उबैदुल्लाह आए दिन उसके साथ मारपीट करता है और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले करीब पंद्रह दिनों से विवाद चल रहा था। शनिवार को जब मुस्कान अपने बच्चों को डॉक्टर को दिखाने गई हुई थी, उसी दौरान उसका पति घर में ताला लगाकर फरार हो गया और अपना मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ कर लिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद थाना बुढाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पति उबैदुल्लाह के खिलाफ पहले भी निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान का ताला खुलवाया और महिला को सुरक्षित घर में प्रवेश कराया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बनी हुई है, लेकिन घटना के बाद घरेलू विवाद और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

