मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबकर मौत, एक की बची जान

मिर्जापुर में दर्दनाक हादसा: तालाब में नहाने गए दो किशोरों की डूबकर मौत, एक की बची जान

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में देहात कोतवाली क्षेत्र के मझिगवां गांव स्थित तालाब में सोमवार की शाम नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर को ग्रामीणों ने समय रहते बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद मीरजापुर में तैनात अधिशासी अधिकारी के अर्दली रामनाथ सोनी का 15 वर्षीय पुत्र अमित उर्फ बाबू सोनी अपने मित्रों के साथ घूमने निकला था। उसके साथ सबरी चुंगी निवासी चंटू गुप्त (15) और उसका छोटा भाई मंटू गुप्त (14) समेत अन्य किशोर भी थे। घूमते-घूमते सभी मझिगवां गांव के समीप स्थित तालाब के पास पहुंच गए, जहां उन्होंने स्नान करने का निर्णय लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय अमित उर्फ बाबू सोनी अचानक गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में चंटू गुप्त भी पानी में उतरा, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया। दोनों को संकट में देख मंटू गुप्त भी तालाब में कूद पड़ा। इस दौरान साथ मौजूद अन्य किशोर घबराकर शोर मचाने लगे।

आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मंटू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अमित और चंटू का कोई पता नहीं चल सका। सूचना पर देहात कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। करीब दो घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद एसडीआरएफ ने तालाब से दोनों किशोरों के शव बरामद कर लिए।

देहात कोतवाल वृजेश सिंह ने बताया कि मझिगवां गांव स्थित तालाब में तीन किशोरों के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। तत्काल एसडीआरएफ को बुलाकर तलाश अभियान शुरू कराया गया। बचाव कार्य के दौरान एक किशोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य किशोरों के शव तालाब से बरामद किए गए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *