कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में देर रात पुलिस के विशेष अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली जब करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य की मादक पदार्थ की खेप लेकर जा रहे एक ट्रक को पीछा कर दबोच लिया गया। लगभग 15 किलोमीटर तक चली कार्रवाई के बाद पुलिस ने ट्रक को रोककर 600 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद किया। मामले में चालक लियाकत अली को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

क्राइम ब्रांच और रावतपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर एक ट्रक शहर से होकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीमों को सक्रिय किया गया। संदिग्ध ट्रक दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। इसके बाद पुलिस टीमों ने लगातार पीछा किया और जीटी रोड पर घेराबंदी कर ट्रक को कब्जे में ले लिया।

तलाशी में ट्रक से 600 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा का निवासी है और खेप ओडिशा से आगरा ले जाई जा रही थी। रास्ते में कई शहरों में इसकी आपूर्ति की जानी थी। जांच के दौरान जमशेद, जावेद और जुनैद नामक व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।
एडीसीपी क्राइम सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बरामदगी जिले में अब तक की सबसे बड़ी मादक पदार्थ बरामदगी में शामिल है। पूरे नेटवर्क की पहचान कर उससे जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

